विदिशा में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 लीटर कच्ची जहरीली शराब और ब्राउन शुगर के अवशेष लगा एक तोल कांटा जब्त किया है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। 10 और 15 लीटर कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए करैया खेड़ा रोड निवासी अनिल लोधी (25) को 10 लीटर कच्ची जहरीली शराब के साथ पकड़ा। इसी तरह मोहन अहिरवार (23) के पास से 15 लीटर कच्ची जहरीली शराब जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। ब्राउन शुगर के मामले में फरार आरोपी पकड़ा पुलिस ने ब्राउन शुगर के मामले में फरार चल रहे करैया खेड़ा रोड निवासी गोविंद उर्फ मॉडल (32) को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से ब्राउन शुगर के अवशेष लगा एक तोल कांटा मिला है। इसके अलावा बरईपुरा निवासी राहुल यादव (34) को भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को भेजा जेल पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई एसपी रोहित काशवानी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी व नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में की गई। नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा पुलिस ने बताया कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

