सोनीपत जिले के खरखौदा उपमंडल कार्यालय में समाधान शिविर लगाया गया। इसका मकसद आम लोगों की समस्याओं का तुरंत हल निकालना था। शिविर की अध्यक्षता भाजपा विधायक पवन खरखौदा ने की। उन्होंने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर हर समस्या का समय पर निपटारा करने का निर्देश दिया। इस दौरान विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि समाधान शिविर लोगों को राहत देने का एक अच्छा तरीका है। अधिकारियों को चाहिए कि वे शिकायतों के हल होने तक उनकी निगरानी करें, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। विधायक ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश शिविर में अमित नगर के लोगों ने कॉलोनी में अवैध रूप से चल रहे एक होटल की शिकायत की। इस पर विधायक ने थाना प्रभारी को तुरंत कार्रवाई करने को कहा। थाना कलां रोड पर नाले के ऊपर छज्जा बनाकर किए गए अतिक्रमण की शिकायत पर भी मौके पर जाकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एक मकान के पास झुके हुए बिजली के खंभे और नेहरू नगर में पोल पर अवैध केबल की शिकायत भी आई। इस पर यूएचबीवीएनएल के एसडीओ को तुरंत कदम उठाने के लिए कहा गया। पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों पर गलत व्यवहार करने का आरोप रोहतक रोड पर गंदे पानी की निकासी और बाईपास पर बारिश से होने वाले जलभराव पर भी चर्चा हुई। विधायक ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ को इन समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। गांव रामपुर में पब्लिक हेल्थ के कर्मचारियों पर ग्रामीणों से गलत व्यवहार करने का आरोप लगा। इस मामले में भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। एसडीएम ने अधिकारियों से मांग जवाब शिविर में एसडीएम अमित भारद्वाज ने पुरानी शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट जांची और अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों को तुरंत और नियमानुसार निपटाने का निर्देश दिया। इस मौके पर तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, सुनील पांचाल और सहायक अधीक्षक राजेश समेत कई विभागों के बड़े अधिकारी मौजूद थे।

