हनुमानगढ़ की गोलूवाला थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो अवैध अफीम के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी फलोदी जिले का रहने वाला है और पुलिस अब उससे अफीम की सप्लाई और इससे जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। गश्त के दौरान संदिग्ध युवक पर नजर जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और सीओ हनुमानगढ़ मीनाक्षी की देखरेख में गोलूवाला थाना प्रभारी राजनदीप कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम फिरोजवाला-लखासर रोड पर रोही 14 एलजेडब्ल्यू/बी के पास पहुंची। यहां पुलिस को एक युवक संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में मिली 1 किलो अफीम तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 1 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुभाष चंद्र (27) पुत्र निंबाराम विश्नोई के रूप में हुई है। वह फलोदी जिले के सांवरिज स्थित उदानियों की ढाणी का निवासी है। सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला नंबर 266/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच सदर थाना के थानाधिकारी राजीव रॉयल कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल कार्रवाई करने वाली टीम में गोलूवाला थाना के उप निरीक्षक गुरुदेव सिंह, कॉन्स्टेबल विक्रमजीत, कॉन्स्टेबल सुरजीत सिंह और कॉन्स्टेबल संजय शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

