ललितपुर में बुधवार रात 11 बजे से हो रही तेज बारिश के कारण शहजाद नदी और बयाना नाला उफान पर हैं। इससे कई इलाकों में रास्ते बंद हो गए हैं और आम जनजीवन पर असर पड़ा है। शहजाद नदी में पानी बढ़ने से बांसी बार मार्ग पर गढ़िया गांव के पास पुल दो फीट पानी में डूब गया है। इससे यह रास्ता बंद हो गया है। ललितपुर शहर में भी बयाना नाला उफान पर है, जिसके कारण ललितपुर-बुढवार मार्ग पर सिद्धन के पास पुल डूब गया है। यह रास्ता भी बंद हो गया है। शहर के बीच रामनगर से बड़ापुरा जाने वाले बयाना पुल से तीन फीट पानी ऊपर से बह रहा है। खिरकापुरा स्थित बूढ़े बब्बा मंदिर के पास का पुल भी पानी में डूब गया है। मोहल्ला आजादपुरा में तुवन मंदिर के पीछे 25 से ज्यादा घरों में तीन-तीन फीट पानी भर गया है। भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के आदेश पर आज 3 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश श्रीवास्तव ने सभी स्कूलों को इन आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा के लिए लिया गया है। जखौरा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पिपरा से मनपुरा होते हुए जखौरा-तालबेहट मार्ग पर पहुंचने वाला रास्ता भी बंद हो गया है। पुलिया पर पानी का बहाव बहुत तेज होने से इस रास्ते पर आना-जाना खतरनाक हो गया है। स्थानीय लोगों ने राहगीरों से इस रास्ते से न जाने की अपील की है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। बुधवार रात से हो रही पाली-घटवार मार्ग पर स्थित घुंसी नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते जनपद को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग आवागमन के लिए बंद हो गया है।

