Kangana Ranaut Reaction on Hanuman Ansh: श्री नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआती दो हफ्तों में भले ही ज्यादा दर्शक नहीं मिले, लेकिन धीरे-धीरे इसकी चर्चा बढ़ती गई और अब हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। इसी बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने इसे महज फिल्म नहीं, बल्कि ‘सत्संग’ बताया है।
कंगना रनौत ने ‘हनुमान अंश’ को फिल्म नहीं, बल्कि सत्संग बताया

कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टोरी शेयर की है। उन्होंने अपनी स्टोरी में लिखा, ‘#HanumanAnsh कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है।’ उन्होंने आगे कहा कि इसमें उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियां खूबसूरती से बुनी गई हैं, जिन्हें नीम करोली बाबा का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ है। आगे कंगना ने मजाकिया अंदाज में लोगों से कहा कि ‘अपनी थेरेपी छोड़िए और इसे देखने जाइए।’
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश‘ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म है। फिल्म की कहानी में उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव में रहने वाले लक्ष्मीनारायण शर्मा से शुरू होती है, जो जीवन, मृत्यु और इंसानी दुखों से जुड़े सवालों के जवाबों की तलाश में आध्यात्म की राह पर चल पड़ते हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वो संतों, भक्तों और आम लोगों से मिलते हैं। और धीरे-धीरे उनकी ये यात्रा उनको एक संत के रूप में पहचान दिलाती है, जिन्हें दुनिया नीम करोली बाबा के नाम से जानती है।
नीम करोली बाबा का किरदार में नजर आये हैं शोभिनव सत्या
फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है। दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव फिल्म से बतौर सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। जब फिल्म के लीड एक्टर की तबीयत खराब हुई, तो निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने शोभिनव का ऑडिशन लिया। करीब पांच घंटे के ऑडिशन के बाद उन्हें मुख्य भूमिका के लिए चुन लिया गया। बतौर अभिनेता शोभिनाव की ये पहली फिल्म है और फिल्म में उनके अभिनय की दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी तारीफ की है। वहीं, फिल्मकार मधुर भंडारकर ने भी शोभिनव सत्या के अभिनय को स्वाभाविक और बेहतरीन बताया है।
कम बजट में बनी फिल्म ने किया बड़ा कमाल
‘हनुमान अंश’ की सबसे खास बात इसकी बॉक्स ऑफिस सफलता है। सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को शुरुआत में कम दर्शक मिले थे लेकिन इसके चलते पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। इसके बाद दर्शकों के बीच बनी सकारात्मक चर्चा और माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म की कमाई को धीरे-धीरे बढ़ाया। 1 सितंबर तक फिल्म ने डोमेस्टिक फ्रंट पर करीब 47 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि, 26वें दिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 54 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है।
कंगना से पहले मधुर भंडारकर ने भी की तारीफ
‘हनुमान अंश’ को लेकर सिर्फ कंगना रनौत ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। मधुर भंडारकर ने फिल्म की सफलता को पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ‘महत्वपूर्ण केस स्टडी’ बताया। उन्होंने फिल्म की कहानी, निर्देशन और शोभिनव सत्या के अभिनय की तारीफ की।
फिल्म को मिल रही प्रतिक्रियाओं से यह भी पता चलता है कि दर्शकों के बीच सिर्फ बड़े सितारों और बड़े बजट वाली फिल्मों का ही दबदबा नहीं है। अगर कहानी दर्शकों से जुड़ जाए, तो कम बजट की फिल्म भी धीरे-धीरे अपनी जगह बना सकती है।

