‘आरोपी को पकड़ने के लिए हैं ढेरों सबूत’ दिशा सालियान के पिता के वकील का बड़ा खुलासा, बोले- कैसे गिरी 25 फीट दूर

‘आरोपी को पकड़ने के लिए हैं ढेरों सबूत’ दिशा सालियान के पिता के वकील का बड़ा खुलासा, बोले- कैसे गिरी 25 फीट दूर

Disha Salian Death Case: दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की संदिग्ध मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अब लगभग 6 साल बाद सीबीआई (CBI) को इस केस की जांच करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में दिशा के पिता के वकील ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास इतने सारे सबूत हैं कि आरोपी को आराम से फांसी हो सकती है। 

दिशा के पिता के वकील ने की सबूतों पर बात

दिशा सालियान के पिता के वकील निलेश ओझा ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए हमारे पास सबूत मौजूद हैं और उन्हें फांसी की सजा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पुरानी एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट को कानूनी तौर पर बेकार बताया और कहा कि अब FIR और नया इन्वेस्टिगेशन शुरू होगा।

वकील ने आगे कहा, “उसकी लीगली कोई वैल्यू नहीं थी। कोर्ट ने पहले दिन सब कुछ क्लियर कर दिया था। पहले जो भी इन्वेस्टिगेशन हुई थी वो सब एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट में था जिसपर सुप्रीम कोर्ट का क्लियर जजमेंट आया था। ऐसे में मर्डर के केस में उसकी अब कोई वैल्यू नहीं है। अब जो भी होगा सब कुछ नए सिरे से होगा। 

वकील से आगे जब पूछा गया कि घटना के इतने सालों बाद सबूतों के साथ छेड़छाड़ (टेंपरिंग) का मुद्दा उठता है, तो क्या इस मामले में एविडेंस सुरक्षित हैं? इस पर वकील ने कहा, “आप बिल्कुल चिंता मत कीजिए। आरोपियों को फांसी की सजा तक पहुंचाने के लिए जितने पक्के सबूत चाहिए, उतने आज हमारे पास मौजूद हैं। इसके अलावा सीबीआई जब अपनी जांच शुरू करेगी, तो इसमें से सबूतों का असली खजाना निकालने वाला है। लोगों को अभी अंदाजा नहीं है कि हमारी कंप्लेंट में क्या-क्या गंभीर तथ्य शामिल हैं।”

IIT एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट और पुलिस की थ्योरी पर उठाए सवाल

वकील ने बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा दिए गए सीबीआई आदेश के आधारों का खुलासा करते हुए बताया कि मुंबई पुलिस की पुरानी थ्योरी पूरी तरह से फर्जी और तर्कों से परे थी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की स्थिति में भारी विसंगतियां थीं।

कोर्ट की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए वकील ने कहा, “14वीं मंजिल से गिरने पर पूरा स्कल (खोपड़ी) और हड्डियां टूट जाती हैं, लेकिन पुलिस की रिपोर्ट में नाक और पूरा चेहरा सही-सलामत दिखाया गया, सिर्फ दांत टूटने की बात कही गई। कोर्ट ने साफ कहा कि यह रिपोर्ट रिलायबल नहीं है। इसके अलावा, बिल्डिंग से सीधा नीचे गिरना चाहिए था, लेकिन बॉडी 25 फीट दूर जाकर गिरी। आईआईटी (IIT) के एक्सपर्ट्स ने साफ कहा है कि यह सामान्य रूप से गिरना पॉसिबल ही नहीं है।”

‘दिशा कैसे गिरी 25 फीट दूर?’

उन्होंने आगे कहा, “पुलिस की खुद की स्टोरी थी कि दिशा ने शराब पी रखी थी और वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 25 फीट दूर गिरने के लिए किसी इंसान को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 150 फीट दौड़कर जंप मारना पड़ेगा, जो उस हालत में नामुमकिन था। कोर्ट ने इन झूठे डॉक्यूमेंट्स को सीज कर लिया है।”

वकील ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान इस केस को दबाने की हरसंभव कोशिश की गई थी, लेकिन अब सीबीआई की नई एफआईआर से पूरा सच देश के सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *