बागपत में जन्माष्टमी के पावन पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ किया जा रहा है। मंदिरों को सजाया जा रहा है और बाजारों में भी रौनक दिख रही है। लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। बाजारों में राधा-कृष्ण का झूला और खाटू श्याम की वेशभूषा जैसी कई चीजें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसी बीच, बागपत में महामंडलेश्वर भैया दास जी महाराज ने जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं से खास अपील की है। उनका कहना है कि भगवान सिर्फ भाव के भूखे होते हैं, इसलिए सच्चे मन से पूजा-अर्चना करनी चाहिए। उन्होंने भक्तों से कहा कि वे इस त्योहार को खुशी से मनाते हुए जरूरतमंद लोगों की मदद करें। जो भी जरूरतमंद व्यक्ति है, उसके परिवार के साथ खुशियां बांटें और दान करें। ऐसा करने से भगवान प्रसन्न होंगे।
महामंडलेश्वर ने बताया कि इस दिन पूजा-पाठ करना चाहिए और राधा नाम का जाप करते रहना चाहिए। ‘राधे कृष्णा राधे कृष्णा राधे कृष्णा’ का नाम जपते हुए जरूरतमंदों की मदद करें और उनके साथ त्योहार मनाएं। इससे भगवान की कृपा बनी रहेगी। भैया दास जी का कहना है कि जो व्यक्ति खुशियां बांटता है और दूसरों की मदद करता है, भगवान उससे बहुत प्रसन्न होते हैं। ऐसे लोग तरक्की और उन्नति के मार्ग पर हमेशा आगे बढ़ते हैं। फिलहाल बागपत में जन्माष्टमी की तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं वहीं बागपत पुलिस प्रशासन भी जन्माष्टमी के त्यौहार को लेकर अलर्ट पर है सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है प्रमुख मंदिर और मुख्य बाजारों में पुलिसकर्मी तैनात है और लगातार जनपद के आला अधिकारी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

