लखनऊ यूनिवर्सिटी में सोमवार देर रात जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि सुभाष छात्रावास के पांच छात्रों ने करीब 15 बाहरी लोगों के साथ मिलकर मेस में रसोइयों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेलन, चिमटे और डंडों से कर्मचारियों को पीटा। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई के सिर फट गए। प्रोवोस्ट एसपी कनौजिया की तहरीर पर हसनगंज पुलिस ने छात्रावास के पांच नामजद छात्रों समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर चितवन कुमार के मुताबिक, प्रोवोस्ट ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर रात सुभाष छात्रावास के छात्र रिषु जायसवाल, अस्मित सिंह, सुनील कुमार सिंह, सत्यम प्रताप सिंह और शिवाजी करीब 15 बाहरी लोगों के साथ मेस में पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने रसोइयों पर गर्म रोटी बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने रसोइया दिलीप, राम सुधार और कर्मचारी समर्थ सिंह, देशराज व विवेक पर हमला कर दिया। कर्मचारियों ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनका पीछा कर फिर पीटा। घटना के बाद मेस में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

