राजधानी लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड जोन 2 में विकास कार्य के शिलापट्ट पर जोन 6 के हैदरगंज द्वितीय वार्ड का पोस्टर चिपका दिया गया है। इसको को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस की स्थानीय पार्षद ममता चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके वार्ड में दूसरे जोन जोन 6 के हैदरगंज द्वितीय वार्ड का शिलापट्ट उल्टा चिपका दिया गया है। इसमें नाले का काम कराने की बात है। मामले में पार्षद ने नगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग उठाई है। इस पट्टिका पर मेयर सुषमा खर्कवाल और हैदरगंज द्वितीय के पार्षद धर्मेंद्र कुमार सिंह का नाम दर्ज है। मामला सामने आने के बाद पार्षद ममता चौधरी ने नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर वार्ड के एमआईजी मोती झील के पास एक पत्थर पर यह पट्टिका उल्टा चिपकाई गई है। मालवीय नगर जोन 2 में आता है, जबकि हैदरगंज द्वितीय वार्ड जोन 6 के अंतर्गत आता है। इंजीनियरिंग विभाग पर सवाल पार्षद ने कहा जोन 6 का शिलापट्ट जोन 2 के वार्ड में क्यों और कैसे लगाया गया? यह ठेकेदार और जोन 6 के अभियंत्रण इंजीनियरिंग विभाग की बहुत बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह से वार्ड में दूसरे वार्ड के पार्षद व उनके काम का शिलापट्ट नहीं लग सकता है। इसके पहले नगर निगम में ही भवानी गंज से पार्षद रीता राय व कश्मीरी मोहल्ला के पार्षद लईक आगा के बीच में विवाद का मामला सामने आ चुका है। रीता राय ने लईक पर बिना उनकी सहमति के उनके वार्ड में काम करने का आरोप लगाया है। साथ ही इसमें इंजीनियर्स की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।

