शराब की दुकान के पास पुलिसकर्मियों में मारपीट का VIDEO:बदायूं में डायल-112 के सिपाही और PAC जवान भिड़े, एक सस्पेंड

शराब की दुकान के पास पुलिसकर्मियों में मारपीट का VIDEO:बदायूं में डायल-112 के सिपाही और PAC जवान भिड़े, एक सस्पेंड

बदायूं में शराब की दुकान के पास पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। डायल-112 में तैनात सिपाही और PAC के जवानों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई शुरू हो गई है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने डायल-112 के सिपाही धीरेंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया है। वहीं, PAC जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके सेनानायक को पत्र भेजा गया है। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का है। शराब की दुकान के पास हुआ विवाद घटना शहीद भगत सिंह नवादा पुलिस चौकी के पास स्थित शराब की दुकान के नजदीक की बताई जा रही है। बताया गया कि धीरेंद्र चौधरी और PAC की 9वीं बटालियन मुरादाबाद में तैनात सिपाही रमन और लवली के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही पुलिसकर्मी एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट की यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। कार में तोड़फोड़ का भी आरोप मारपीट के दौरान एक सिपाही की कार में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद धीरेंद्र चौधरी ने नवादा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। विवाद के पीछे शराब पीने और जुए में हार-जीत को लेकर कहासुनी की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एक सिपाही सस्पेंड, PAC जवानों पर कार्रवाई की तैयारी CCTV वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने डायल-112 में तैनात सिपाही धीरेंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया। वहीं PAC के सिपाही रमन और लवली के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके सेनानायक को पत्र भेजा गया है। पुलिस अब CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान भी कर रही है। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कराई जा रही है। यदि इनमें कोई अन्य व्यक्ति पुलिस विभाग से संबंधित पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *