हापुड़ में 1300 किलो पनीर नष्ट:3 फैक्ट्रियों पर छापा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने रात 10 बजे मारा छापा

हापुड़ में 1300 किलो पनीर नष्ट:3 फैक्ट्रियों पर छापा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने रात 10 बजे मारा छापा

हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार रात सिम्भावली क्षेत्र के टोडरपुर गांव में पनीर निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 1300 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3.74 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में रात करीब 10 बजे पुलिस बल के साथ की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, टीम ने टोडरपुर गांव में जहीर पुत्र जमील, कादिर और जमीर की पनीर निर्माणशालाओं पर दबिश दी। ये तीनों इकाइयां एक-दूसरे से सटी हुई थीं। जांच के दौरान जहीर के यहां से लगभग 320 किलो, कादिर के यहां से 350 किलो और जमीर के यहां से 550 किलो तैयार पनीर बरामद हुआ। टीम ने तीनों स्थानों से पनीर और दूध के एक-एक नमूने भी लिए। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पनीर का निर्माण और भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। पनीर में मिलावट की आशंका और खराब स्वच्छता को देखते हुए, बरामद पनीर को खाद्य कारोबारकर्ताओं की मौजूदगी में नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। इसी गांव में सरताज के प्रतिष्ठान पर भी जांच की गई। यहां से पनीर और दूध का एक-एक नमूना लिया गया तथा लगभग 80 किलो पनीर नष्ट कराया गया। विभाग के मुताबिक, सभी स्थानों से कुल 1300 किलो पनीर नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3,74,680 रुपये है। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने जानकारी दी कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी निर्माण इकाई में कोई अपमिश्रक नहीं पाया गया। लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *