केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा- ‘राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का मजबूत आधार भले ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश रहा हो, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वांचल (पूर्वी यूपी) में भी अपना झंडा गाड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।’ रालोद की इस नई राजनीतिक सक्रियता को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि जयंत चौधरी पश्चिमी यूपी से निकलकर अवध और पूर्वांचल के मैदान में पैठ जमाने की कोशिश कर रह हैं। जयंत चौधरी रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह शामिल हुए थे। शिक्षक नेता और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बी.के. शुक्ला की मेजबानी में हुए इस कार्यक्रम में जयंत चौधरी का चांदी का मुकुट पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। ‘पश्चिम के बाद अब अवध-पूर्वांचल में दिखेगी रालोद की ताकत’ समारोह को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के साथ-साथ अवध और पूर्वांचल से संवाद साधने का सबसे बड़ा केंद्र है। जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित न रहें। किसानों, युवाओं और शिक्षकों की समस्याओं को लेकर लगातार सड़कों और जनता के बीच मौजूद रहें। बी.के. शुक्ला द्वारा रालोद का दामन थामने और कार्यक्रम आयोजित करने पर आभार जताते हुए जयंत ने कहा कि अनुभवी शिक्षक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी को अवध क्षेत्र में नई ऊर्जा मिलेगी। बी.के. शुक्ला बोले- अवध में घर-घर तक पहुंचाएंगे पार्टी की सोच कार्यक्रम के आयोजक बी.के. शुक्ला ने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए कहा कि वे लखनऊ और आसपास के अवध क्षेत्र में रालोद की नीतियों, किसान-युवा और शिक्षक कल्याण के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। समारोह की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में रालोद और सरकार के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए।
अनिल कुमार (कैबिनेट मंत्री, यूपी सरकार): उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की। त्रिलोक त्यागी (राष्ट्रीय महासचिव – संगठन): उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की असली ताकत है। ऐश्वर्य राज सिंह (प्रदेश अध्यक्ष) एवं अनुपम मिश्रा (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष): दोनों नेताओं ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। समारोह के समापन पर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया, जिसके बाद सामूहिक दोपहर भोज (लंच) का आयोजन हुआ। यह पूरी जानकारी रालोद उत्तर प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी द्वारा जारी की गई।

