पत्नी के इंटिमेट VIDEO सोशल मीडिया पर डाले:गुरुग्राम में पति ने बेडरूम-बाथरूम में हिडन कैमरे लगाए; गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार

पत्नी के इंटिमेट VIDEO सोशल मीडिया पर डाले:गुरुग्राम में पति ने बेडरूम-बाथरूम में हिडन कैमरे लगाए; गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार

गुरुग्राम में एक पति पर अपनी पत्नी के इंटिमेट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि पति ने उसकी जानकारी के बिना बेडरूम और बाथरूम समेत घर की संवेदनशील जगहों पर हिडन कैमरे लगाकर उनके निजी पलों को रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। महिला के मुताबिक, पति का एक अन्य महिला के साथ मैरिटल अफेयर था और इसी के चलते दोनों ने मिलकर उसे बदनाम करने की साजिश रची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया। अब साइबर थाना पुलिस फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स और वायरल किए गए वीडियो से जुड़े डिजिटल सबूत जुटा रही है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए महिला ने शिकायत में क्या कहा… अनजान नंबरों से भेजे गए आपत्तिजनक वीडियो के लिंक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास अचानक अनजान नंबरों से फोन आने लगे। कॉल करने वाले उसे इंटरनेट पर मौजूद उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के लिंक भेज रहे थे। यह देखकर वह हैरान रह गई। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी जानकारी के बिना घर के बेडरूम, बाथरूम और अन्य संवेदनशील जगहों पर स्पाई कैमरे लगवा रखे थे। इन कैमरों के जरिए पति ने दोनों के निजी पलों की चोरी-छिपे रिकॉर्डिंग की। बाद में इन तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट पर वायरल कर दिया गया। पति का दूसरी महिला से चल रहा था अफेयर शिकायत के अनुसार, महिला के पति का काफी समय से एक अन्य महिला के साथ मैरिटल अफेयर चल रहा था। जब पत्नी को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके पति ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर उसे समाज में बदनाम करने और रास्ते से हटाने की साजिश रची। फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर शेयर किए वीडियो-फोटो महिला ने आरोप लगाया कि पति और उसकी गर्लफ्रेंड ने साजिश के तहत अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी अकाउंट बनाए। इन अकाउंट्स के जरिए हिडन कैमरों से रिकॉर्ड किए गए उसके इंटिमेट वीडियो और फोटो शेयर किए जाने लगे। इसका मकसद उसे मानसिक रूप से परेशान करना और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था। वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद वह बदनामी और मानसिक तनाव से जूझने लगी। शिकायत के बाद पति और गर्लफ्रेंड गिरफ्तार इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दी। मामले की गंभीरता और महिला की निजता के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। तकनीकी सर्विलांस और जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निजी वीडियो और तस्वीरों को किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया। साइबर सेल ने मेटा से मांगा फेक अकाउंट्स का डेटा मामले में डिजिटल सबूत जुटाने के लिए साइबर थाना पुलिस भी जांच कर रही है। साइबर सेल ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़ी पूरी जानकारी और आईपी एड्रेस मांगे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेटा से जानकारी मिलने के बाद यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि फर्जी अकाउंट्स को किस मोबाइल या कंप्यूटर से ऑपरेट किया जा रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इन निजी वीडियो को किसी अश्लील वेबसाइट या कमर्शियल ग्रुप में बेचने के लिए तो शेयर नहीं किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *