बागपत में चिरचिटा गांव निवासी जॉनी शनिवार शाम अपने छोटे भाई की ससुराल से बाइक से घर लौट रहा था। चिरचिटा-किनौनी पुल से गुजरते समय अचानक बाइक फिसल गई, जिससे वह हिंडन नदी में जा गिरा। हादसे के करीब 24 घंटे बाद रविवार शाम उसका शव घटनास्थल से 4 किलोमीटर दूर मिला। दो घंटे तक ग्रामीणों ने की तलाश हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक अभियान चलाने के बावजूद जॉनी का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण शनिवार शाम तलाश अभियान रोकना पड़ा। गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से नदी में दोबारा तलाश शुरू की गई। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद रविवार शाम जॉनी का शव घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। लावड़ से गांव लौट रहा था परिजनों के अनुसार, जॉनी गांव में मजदूरी करता था। शनिवार को वह अपने छोटे भाई पवन की ससुराल लावड़ गया था। वहां से बाइक से वापस चिरचिटा लौटते समय यह हादसा हुआ। जॉनी के दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

