मुर्गा बनाने को लेकर पत्नी से विवाद,डंडे से पीटकर हत्या:बलरामपुर में सिर और पेट पर किए वार, आरोपी ने पूछताछ में जुर्म कबूला

मुर्गा बनाने को लेकर पत्नी से विवाद,डंडे से पीटकर हत्या:बलरामपुर में सिर और पेट पर किए वार, आरोपी ने पूछताछ में जुर्म कबूला

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ गांव में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के सिर और पेट पर डंडे से वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना 30 अगस्त 2026 को जोकापाठ (लालदारा) गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दुखनी बाई के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति रमेश कोरवा (28) है। गांव वालों से मिली बेटी की हत्या की सूचना पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी सोमारू साय ने अपनी बेटी दुखनी बाई की हत्या की सूचना पुलिस को दी। उन्हें गांव वालों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि दुखनी के पति रमेश कोरवा ने उसके साथ मारपीट की है। सूचना मिलने के बाद जब सोमारू साय मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी को घर के अंदर मृत अवस्था में देखा। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान थे। हड़िया दारू पीने के बाद हुआ विवाद पुलिस को मृतका की सास ने बताया कि घटना के दिन रमेश और दुखनी ने हड़िया दारू पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कहा। मुर्गा बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान रमेश ने दुखनी के साथ मारपीट की और उसके सिर व पेट पर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच घटना की जानकारी मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज करने के साथ अपराध क्रमांक 97/2026 में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल की पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ पुलिस टीम ने आरोपी रमेश कोरवा का पता लगाया और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, रमेश ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि मुर्गा न बनाने और झगड़ा करने से नाराज होकर उसने लकड़ी के डंडे से दुखनी के पेट और सिर पर वार किया था। सरई लकड़ी का डंडा बरामद आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सरई लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जाँच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *