संभल-गजरौला रेल लाइन विस्तार को PM से अपील:ब्लॉक प्रमुख ने ई-मेल भेजकर परियोजना के लिए बजट मांगा

संभल-गजरौला रेल लाइन विस्तार को PM से अपील:ब्लॉक प्रमुख ने ई-मेल भेजकर परियोजना के लिए बजट मांगा

संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तारीकरण की दशकों पुरानी मांग को लेकर अब जनजागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में रविवार को संभल की ब्लॉक प्रमुख सुषमा चाहल ने प्रधानमंत्री को एक ई-मेल भेजकर इस रेल परियोजना के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की। उनके पति और भाजपा नेता चौधरी कुलदीप चाहल उर्फ पिंकू ने भी प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है। ब्लॉक प्रमुख सुषमा चाहल ने बताया कि संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तार की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संभल धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संतों, श्रद्धालुओं और अन्य लोगों का निरंतर आना-जाना लगा रहता है। पर्याप्त रेल सुविधा न होने के कारण यात्रियों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
भाजपा नेता चौधरी कुलदीप चाहल उर्फ पिंकू ने इस परियोजना के व्यापक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेल लाइन का विस्तार केवल यात्री सुविधा तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार, शिक्षा और व्यापार के अवसरों के लिए अन्य शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके अतिरिक्त, किसान अपने कृषि उत्पादों को आसानी से बाजारों तक पहुंचाकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता देने और रेल बजट में इसे मंजूरी देने की मांग की।
अधिवक्ता एवं समाजसेवी चौधरी रविराज चाहल ने बताया कि जनजागरूकता अभियान के माध्यम से संभल की जनता अपनी आवाज लगातार सरकार तक पहुंचा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री संभलवासियों की इस वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। चाहल ने चंदौसी से वाया संभल एक नया रेल मार्ग स्थापित करने की भी मांग की, जिससे संभल और चंदौसी दोनों क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर सुधीर कुमार, खिलेन्द्र चाहल, मोहित चाहल, नवीन कुमार, योगेंद्र सिंह, धर्मदत्त, देवराज सिंह, ओमपाल और सचिन कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *