सोनभद्र जनपद की दुद्धी तहसील के ग्राम जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण को शासन ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। डीएम चर्चित गौड़ ने बताया कि इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 25 करोड़ 28 लाख 08 हजार रुपये निर्धारित की गई है। डीएम ने जानकारी दी कि परियोजना की कुल लागत के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 35 प्रतिशत धनराशि, यानी 8 करोड़ 84 लाख 82 हजार 800 रुपये, जारी करने की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से विद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक व बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी। विद्यालय का निर्माण कार्य शासन द्वारा नामित कार्यदायी संस्था कान्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (उ०प्र० जल निगम) द्वारा कराया जाएगा। निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को परियोजना समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम के अनुसार, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण से दुद्धी क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएँ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। स्वीकृत धनराशि का उपयोग नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाएगा।

