बड़वानी के पार्क में 10-12 सांप दिखे:लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला; पार्षद ने लाइट बंद कर गेट बंद कराया

बड़वानी के पार्क में 10-12 सांप दिखे:लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला; पार्षद ने लाइट बंद कर गेट बंद कराया

बड़वानी शहर के लाडली बहना वाटिका (पूर्व जॉगर्स पार्क) में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब टहलने पहुंचे लोगों को पार्क में जगह-जगह सांप दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक ही दिन में छोटे-बड़े करीब एक दर्जन सांप देखे गए। लोगों ने सांपों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। पैरों के पास दिखे सांप, मची अफरा-तफरी पार्क में टहल रहे लोगों के पैरों के पास अचानक सांप दिखाई देने लगे। इसके बाद पार्क के अलग-अलग हिस्सों में भी सांप नजर आए। जहरीले सांपों की मौजूदगी की जानकारी फैलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने पार्क में जाना भी टाल दिया। एहतियातन लाइटें बंद कर गेट कराया बंद घटना की जानकारी मिलने पर नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष और वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद राकेश सिंह जाधव स्थानीय लोगों के साथ पार्क पहुंचे। उन्होंने एहतियात के तौर पर पार्क की लाइटें बंद करवाईं और गेट बंद कराया। उन्होंने नागरिकों से फिलहाल पार्क में टहलने नहीं आने की अपील की है। पार्षद जाधव के अनुसार, पार्क के पीछे नाले की तरफ बाउंड्री वॉल नहीं होने से सांप आसानी से पार्क में प्रवेश कर रहे हैं। इसी रास्ते से आवारा कुत्ते और मवेशी भी पार्क में पहुंच जाते हैं। शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। रोज 400 से ज्यादा लोग आते हैं लाडली बहना वाटिका में सुबह करीब 150 से 200 और शाम को 200 से 250 लोग टहलने पहुंचते हैं। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। ऐसे में पार्क में सांपों की मौजूदगी से किसी गंभीर घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की है। बाउंड्री, लाइट और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग पार्षद राकेश सिंह जाधव ने नगरपालिका प्रशासन से पार्क के पीछे तत्काल बाउंड्री वॉल बनाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, गेटों को व्यवस्थित करने और नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क का नाम बदलने के साथ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *