जंगल में मिली घर से नाराज किशोरी:अमेठी में पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

जंगल में मिली घर से नाराज किशोरी:अमेठी में पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

अमेठी पुलिस के ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बाजार शुक्ल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर से नाराज होकर जंगल में छिपी एक 16 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह घटना आज दोपहर करीब 12 बजे की है, जब पीआरवी के माध्यम से बाजार शुक्ल थाने को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की 16 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बाजार शुक्ल पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि बालिका हरखूमऊ के जंगल की तरफ जाने की बात कह रही थी। इस जानकारी के आधार पर थाना बाजार शुक्ल पुलिस ने दो टीमें गठित कीं और सर्विलांस टीम की सहायता से जंगल में बालिका की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बालिका जंगल में एक पेड़ के पास छिपी हुई सकुशल मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह घरवालों की डांट-फटकार से नाराज होकर घर से भागकर जंगल में आ गई थी। पुलिस ने तत्काल बालिका के परिजनों को सूचना दी और उन्हें थाने बुलाया। परिजनों और बालिका की काउंसलिंग के बाद उसे सकुशल परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बालिका को सकुशल पाकर परिजनों ने अमेठी पुलिस को धन्यवाद दिया। इस बरामदगी में थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल मनीष, महिला कांस्टेबल रानी और आरक्षी महिला कांस्टेबल अमिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *