अमृतसर में पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस और प्रशासन की टीम ने नशा तस्करी के आरोपी जतिंदर पाल सिंह सोनी के घर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। अमृतसर के डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि जतिंदर पाल सिंह सोनी के खिलाफ कुल 8 मामले दर्ज हैं। इनमें से 7 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे से जुड़े हुए हैं, जबकि एक मामला जेल नियमों के उल्लंघन से संबंधित है। डीसीपी के मुताबिक आरोपी फिलहाल जेल से बाहर है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। डीसीपी संधू ने बताया कि नगर निगम की ओर से संबंधित मकान में की गई अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में निर्माण संबंधी कार्रवाई के लिए समय भी दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आज प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ पंजाब सरकार की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। पुलिस और प्रशासन की ओर से नशा तस्करों की संपत्तियों और उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण की भी जांच की जा रही है। जहां भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, वहां कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। नशे से जुड़े 1312 मुकदमे दर्ज, 2150 आरोपी अब तक गिरफ्तार डीसीपी ने बताया कि अमृतसर में इस साल अब तक नशे से जुड़े मामलों में 1312 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 2150 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा करीब 137 किलो हेरोइन और 76 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। घर में बनाए गए जिम और अन्य निर्माण को लेकर भी उन्होंने कहा कि आरोपी की दूसरी संपत्तियों की जांच की जा रही है। अगर कहीं भी अवैध निर्माण पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

