सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के माजरी गांव में एक परिवार ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट की और घर के बाहर खड़ी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में शनिवार को SSP को प्रार्थना पत्र देकर विभागीय जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। थाना फतेहपुर क्षेत्र के माजरी गांव निवासी रीना ने बताया कि वो अनुसूचित जाति से हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनका नाबालिग बेटा आर्यन कक्षा 10 में पढ़ता है और मानसिक रूप से बीमार है। शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त को आर्यन के साथ उसकी कक्षा में पढ़ने वाले युवराज पुत्र निशांत चौहान ने मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान युवराज ने जातिसूचक गालियां भी दीं। रीना का कहना है कि इसके बाद युवराज के परिजनों ने उनके परिवार के खिलाफ ही पुलिस में शिकायत कर दी। 28 अगस्त को घर में घुसने का आरोप रीना का आरोप है कि 28 अगस्त को पुलिस चौकी मुजफ्फराबाद और थाना फतेहपुर में तैनात पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और जबरन अंदर घुस गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके दोनों हाथों पर लाठी-डंडों से हमला किया। उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, बेटी के हाथ और शरीर पर चोट के निशान हैं और उसके हाथ पर पट्टी बंधी हुई है। शिकायत के साथ कथित मारपीट और तोड़फोड़ की तस्वीरें भी एसएसपी को दी है। बाइक और सामान में तोड़फोड़ का आरोप शिकायत में घर के बाहर खड़ी बाइक में लाठी-डंडों से तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर लगे CCTV कैमरों की डिवाइस पुलिसकर्मियों द्वारा अपने साथ ले जाने का दावा किया गया है। रीना ने आरोप लगाया कि जब मोहल्ले के लोग परिवार को बचाने पहुंचे तो बसंत पुत्र मेघराज के सिर पर भी पुलिसकर्मियों ने लाठी से प्रहार किया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है। पुलिस पर पक्षपात का भी आरोप महिला ने पुलिस पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत करने और उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते घर पर रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। पुलिस की कथित कार्रवाई से परिवार की सामाजिक रूप से काफी बेइज्जती हुई। रीना ने SSP से युवराज पुत्र निशांत चौहान और उसके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चौकी मुजफ्फराबाद और थाना फतेहपुर में तैनात पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच कराने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

