अयोध्या में बारिश और मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। 100 बेड अस्पताल की ओपीडी में सर्दी-जुकाम, बुखार, गले में खराश, खांसी और बदन दर्द के मरीज तेजी से बढ़े हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, पिछले 8 दिनों में 2,592 मरीजों का इलाज किया गया। रोजाना 400 से 500 नए मरीज पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल में भर्ती के लिए बेड भी कम पड़ रहे हैं। सोमवार को लगभग सभी बेड भरे थे। डॉक्टरों के मुताबिक इस बार कई मरीजों में बुखार 8 से 10 दिन तक बना रह रहा है। सुबह 8 बजे से लग रही लंबी कतार अस्पताल के पर्ची काउंटर पर सुबह 8 बजे से ही मरीजों की लंबी कतार लग रही है। इनमें सबसे ज्यादा वायरल फीवर और सर्दी-जुकाम के मरीज हैं। बारिश में भीगने, जलभराव और मौसम में नमी के कारण बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण बढ़ रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश लाल ने बताया कि बड़ी संख्या में सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चे पहुंच रहे हैं। अधिकांश बच्चे दवा से ठीक हो जाते हैं, जबकि गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। डॉ. प्रशांत वर्मा के मुताबिक कई मरीजों में बुखार के साथ गले में खराश, खांसी और कमजोरी की शिकायत भी मिल रही है। डॉक्टर बोले- खुद से एंटीबायोटिक न लें डॉक्टरों के अनुसार मौसम में नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही भी न करें। बुखार दो दिन से ज्यादा रहे तो डॉक्टर को दिखाएं। खुद से एंटीबायोटिक दवा न लें। डेंगू-मलेरिया के लिए भी तैयारी 100 बेड अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पांडेय ने बताया कि वायरल बुखार से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। डेंगू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू को लेकर भी तैयारी है। डेंगू मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है।

