प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की एलटी ग्रेड मुख्य भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन कल यानी 30 अगस्त को किया जाएगा। जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में कुल 11,808 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 15 विषयों की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र ने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। एक पाली में ड्यूटी के बाद दूसरी में नहीं लगेंगे मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कुल 56 मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पहली पाली में ड्यूटी कर चुके मजिस्ट्रेटों को दूसरी पाली में तैनाती नहीं दी जाएगी। दोनों पालियों के लिए अलग-अलग अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। मेटल डिटेक्टर से होगी जांच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर रोक परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की जांच हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से की जाएगी। वहीं फर्जी परीक्षार्थियों और सॉल्वर गैंग पर नजर रखने के लिए थंब इम्प्रेशन और फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोग ने परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

