फरीदाबाद में आईएमटी चौक से ईको गाड़ी में युवती का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और गले से सोने का लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने तकनीकी सहायता और सूत्रों की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश नरवत उर्फ पंडित निवासी गांव खेड़ी कलां, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की शाम गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र से एक युवती को एक अज्ञात ईको गाड़ी चालक ने जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया था। युवती से मारपीट कर लूटा लॉकेट आरोप है कि गाड़ी में आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने का लॉकेट/कंठी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-65 को सौंपी गई। पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब 19 दिन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर 20 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की कराई गई शिनाख्त परेड पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कोर्ट के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड भी कराई। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल सामान की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। 27 अगस्त को आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ईको गाड़ी, युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी और युवती को चोट पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की गई बीयर की बोतल बरामद कर ली। बरामदगी और पूछताछ की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी योगेश नरवत को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में थाना तिगांव क्षेत्र में भी आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल में गृहभेदन का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज पाया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों को लेकर भी जांच कर रही है।

