एसटीएफ ने आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी प्रमोद कुमार को कैसरबाग इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी जेल जाने से बचने के लिए लखनऊ में छिपकर रह रहा था। शुक्रवार को वह कैसरबाग स्थित ग्लोब पार्क के पास अपने दोस्त से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। एसटीएफ के मुताबिक, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम 28 अगस्त को लखनऊ में अभिसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आजमगढ़ के कोतवाली थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी प्रमोद कुमार ग्लोब पार्क के पास किसी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी और टीम के साथ ग्लोब पार्क के पास पहुंच गई। मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोस्त से मिलने आया था पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके खिलाफ आजमगढ़ के कोतवाली नगर थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। जेल जाने से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था। शुक्रवार को वह ग्लोब पार्क के पास अपने दोस्त से मिलने आया था, जहां एसटीएफ ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ाआईमा, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

