कानपुर में कच्चा मकान ढहने से युवक की मौत:घाटमपुर में ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, SDM ने दिया मदद का भरोसा

कानपुर में कच्चा मकान ढहने से युवक की मौत:घाटमपुर में ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, SDM ने दिया मदद का भरोसा

कानपुर के घाटमपुर तहसील क्षेत्र के मोहनपुर गांव में देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक जर्जर और कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी नन्हका का 26 वर्षीय पुत्र अमित कुमार रोज की तरह अपने कच्चे घर के अंदर सो रहा था। देर रात अचानक पूरे मकान की पक्की-कच्ची दीवारें और छत एक साथ ढह गईं। इससे पहले कि अमित को संभलने का मौका मिलता, वह भारी मलबे के नीचे पूरी तरह दब गया। धमाके की आवाज सुन दौड़े ग्रामीण अचानक तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर अमित के मकान को पूरी तरह जमींदोज देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर अमित को बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अमित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस व प्रशासन का त्वरित संज्ञान हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का दस्ता मौके पर पहुंच गया। घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदोरिया ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घाटमपुर सीएचसी पहुंचे एसडीएम ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी (SDM) अबिचल प्रताप सिंह घाटमपुर सीएचसी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। एसडीएम ने परिजनों को आश्वासन दिया कि दैवीय आपदा व प्रशासनिक नियमों के तहत मिलने वाली हर संभव राहत राशि और आर्थिक मदद परिवार को जल्द से जल्द मुहैया कराई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *