अदवास में सूने घर से आधा किलो चांदी चोरी:चोरों ने 25 हजार कैश भी भी किए पार, गेहूं की कोठियों तक को खंगाला; परिवार रक्षाबंधन मनाने बाहर गया था

अदवास में सूने घर से आधा किलो चांदी चोरी:चोरों ने 25 हजार कैश भी भी किए पार, गेहूं की कोठियों तक को खंगाला; परिवार रक्षाबंधन मनाने बाहर गया था

सलूंबर के अदवास में रक्षाबंधन के मौके पर परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और पेटी व अलमारी के ताले तोड़कर करीब आधा किलो चांदी के जेवर तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात जावर माइंस थाना क्षेत्र की अदवास पुलिस चौकी के पास स्थित सुथार मोहल्ले में हुई। जानकारी के अनुसार, रमेश पुत्र नारायण सुथार का परिवार रक्षाबंधन मनाने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने पेटी और अलमारी खंगाली। इनमें रखी चांदी की चूड़ियां, पायजेब और अंगूठियों समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखी 25 हजार रुपये की नकदी भी चोर ले गए। गेहूं की कोठियों से लेकर आटा तक खंगाला चोरों ने केवल अलमारी और पेटी तक ही खुद को सीमित नहीं रखा। कीमती सामान की तलाश में उन्होंने गेहूं की कोठियों, आटा और घर में रखे अन्य सामान को भी खंगाल डाला। वारदात के बाद पूरे मकान में सामान बिखरा हुआ मिला। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर के अंदर काफी समय तक तलाशी ली। सुबह पड़ोसियों ने देखा टूटा ताला चोरी की घटना का पता सुबह उस समय चला, जब पड़ोसियों की नजर मकान के टूटे हुए ताले पर पड़ी। उन्होंने तत्काल परिवार को इसकी सूचना दी। रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने गई रमेश की पत्नी सूचना मिलने के बाद घर पहुंचीं। अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की वारदात का पता चला। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर अदवास चौकी प्रभारी केशवलाल मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि अदवास चौकी क्षेत्र में पुलिस स्टाफ की कमी है। इसके चलते रात के समय पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं हो पाती। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने के साथ ही अदवास चौकी पर पर्याप्त पुलिस स्टाफ तैनात करने की मांग की है। त्योहार के दौरान सूने मकान में हुई चोरी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *