Rajasthan Police ने Nagaur में पकड़े 6 अवैध हथियार, 4 तस्कर गिरफ्तार

Rajasthan Police ने Nagaur में पकड़े 6 अवैध हथियार, 4 तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने नागौर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत छह अवैध पिस्तौल और 24 कारतूस बरामद कर इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, नागौर में खाटूबड़ी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के एक आपूर्तिकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की विशेष टीम से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले ओमप्रकाश देहड़ू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा हथियार बेचने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें भेजकर हथियार खरीदने वालों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश राहड़, श्रवणराम और ओमप्रकाश (34) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों पर कुल छह पिस्तौल और 24 कारतूस बरामद किए गए। एक अन्य मामले में टोंक जिले में पुलिस ने संगठित साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी सिम कार्ड, बैंक खातों और सोशल मीडिया प्रोफाइल का इस्तेमाल कर सुनियोजित तरीके से लोगों के साथ साइबर ठगी करते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने करीब दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37,210 रुपये नकद, दो बोलेरो जीप, एक स्विफ्ट कार और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *