प्रधान को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी:पारा में महिला पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रधान को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी:पारा में महिला पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान श्रीराम यादव ने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रधान का आरोप है कि महिला ने उन्हें ऑडियो संदेश के जरिए अश्लील गालियां दीं, झूठे लांछन लगाए और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पारा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रधान श्रीराम यादव हंसखेड़ा में क्लीनिक चलाते हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं। उनकी तहरीर के अनुसार, यह घटना 26 अगस्त की है। उस दिन वह अपनी क्लीनिक पर थे, तभी हंसखेड़ा की पुरानी काशीराम कॉलोनी निवासी मानसी यादव पत्नी विनोद यादव ने एक ऑडियो संदेश रिकॉर्ड कर उन्हें और अन्य लोगों को भेजा। आरोप है कि इस ऑडियो में महिला ने प्रधान को सीधे संबोधित करते हुए आपत्तिजनक और अश्लील गालियां दीं। ऑडियो में झूठे आरोप लगाए गए प्रधान ने यह भी आरोप लगाया है कि ऑडियो संदेश में उनके वैवाहिक और व्यक्तिगत जीवन को लेकर झूठे और आपत्तिजनक आरोप लगाए गए हैं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया गया। महिला पर उन्हें गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। श्रीराम यादव ने पुलिस को बताया कि संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे वे डिजिटल साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद के पीछे उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और समाज में उनकी छवि खराब करने का उद्देश्य है। तहरीर मिलने के बाद हंसखेड़ा चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद थाना प्रभारी सुरेश सिंह के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि ऑडियो की जांच और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *