बाइक डिवाइडर से टकराई, 2 मासूमों की मौत:मां-बाप समेत 3 घायल, भाई को राखी बांधने जा रहा था परिवार

बाइक डिवाइडर से टकराई, 2 मासूमों की मौत:मां-बाप समेत 3 घायल, भाई को राखी बांधने जा रहा था परिवार

मुजफ्फरनगर में रक्षाबंधन पर शुक्रवार दोपहर भाई को राखी बांधने जा रहे परिवार के साथ कवाल के पास हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बाइक पर सवार दंपती और उनके तीन बच्चे सड़क पर जा गिरे। हादसे में 4 साल का अभी और 3 साल की दीपिका की मौत हो गई। पिता कुलदीप, मां राखी और 8 साल का बेटा कुलबीर घायल है। भाई को राखी बांधने जा रही थी राखी रामराज क्षेत्र के पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी कुलदीप शुक्रवार दोपहर पत्नी राखी और तीन बच्चों के साथ बाइक से अलमासपुर जा रहे थे। राखी को अपने भाई को राखी बांधनी थी। बाइक पर 8 वर्षीय कुलबीर, 4 वर्षीय अभी और 3 वर्षीय दीपिका भी सवार थे। तेज रफ्तार वाहन से बचने में हुआ हादसा कुलदीप की बाइक कवाल गांव के पास हाईवे पर पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार वाहन आया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।सीएचसी में डॉक्टरों ने अभी और दीपिका को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप, राखी और कुलबीर का इलाज शुरू किया गया। तीनों की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं। रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं राखी अपने भाई को राखी बांधने के लिए बच्चों के साथ निकली थीं। रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दो बच्चों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस उस वाहन के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिसे बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित हुई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *