कमिश्नर आफिस के सामने (कचहरी बस स्टैंड के पास) की 38 दुकानों पर नगर निगम बुलडोजर नहीं चलाएगा। इस फैसले से इन दुकानदारों को राहत मिली है। सीएम ग्रिड योजना के तहत यह सड़क चौड़ी करने के चलते इन दुकानों के अस्तित्व पर संकट आ गया था। जिसके बाद दुकानदारों ने दुकानें न तोड़ने की मांग की थी। यहां ये दुकानदार 31 सालों से कारोबार कर रहे हैं और इसी के सहारे इनका परिवार चलता है।
दुकानों के साथ ही यहां कुछ आवास भी आवंटित हैं, उन आवासों के आवंटियों को भी राहत मिल गई है। आरएसएस से जुड़े विश्व संवाद केंद्र का आफिस भी यहीं है। कई दिनों तक इसको लेकर मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया है कि यहां दुकानों को नहीं तोड़ा जाएगा। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा है कि सड़क का निर्माण उपलब्ध राइट आफ वे के आधार पर किया जाएगा। इन दुकानों के पहले बने नाले को ही मजबूत बनाया जाएगा। दूसरी पटरी पर यानी कमिश्नर आफिस के सामने नाला बनाया जाएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा को निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया है। इसके लिए चयनित की गई फर्म को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को इस बात के निर्देश दिए गए हैं कि मौके का निरीक्षण कर सड़क के निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाए। सीएम ग्रिड के तहत और भी सड़कों का हो रहा निर्माण
सीएम ग्रिड के तहत और भी सड़कों का निर्माण हो रहा है। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से सीएम ग्रिड फेज-02 के तहत स्मार्ट सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना में शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौराहा वाया आंबेडकर चौक होते हुए एश्प्रा तिराहा, एश्प्रा तिराहा से हरिओमनगर और हरिओमनगर तिराहा से कचहरी चौराहा वाया टाउनहाल तक का मार्ग शामिल है। नगर निगम के अनुसार अब तक करीब 17 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। इस मार्ग पर सेंट एंड्रयूज कालेज की दीवार भी बाधक बन रही है। उसे भी शिफ्ट किया जा सकता है। इसी के साथ इंदिरा बाल विहार से हरिओम तिराहा की ओर जाने वाले मार्ग पर नजूल भूमि की दीवार और आर्बिट की ओर से कराए जा रहे निर्माण की दीवार को भी शिफ्ट कराया जाएगा। इन मार्गों पर जलापूर्ति की व्यवस्था के लिए जलकल विभाग को पाइपलाइन को जल्द सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

