बच्चों ने राखी बांधकर बांटी खुशियां:कलेक्टर-विधायक ने निराश्रित बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन, उज्ज्वल भविष्य की कामना की

बच्चों ने राखी बांधकर बांटी खुशियां:कलेक्टर-विधायक ने निराश्रित बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन, उज्ज्वल भविष्य की कामना की

इंदौर के राजकीय बाल संरक्षण आश्रम में शुक्रवार को अलग ही माहौल और नजारा देखने को मिला। यहां कलेक्टर शिवम वर्मा और विधायक गोलू शुक्ला पहुंचे और उन्होंने निराश्रित बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान यहां मौजूद बच्चों ने विधायक और कलेक्टर के हाथों पर राखियां बांधी। पूरा माहौल खुशीमय नजर आया। कार्यक्रम आयोजक विनोद खंडेलवाल ने बताया कि भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन राजकीय बाल संरक्षण आश्रम में मनाया गया। इसमें कलेक्टर वर्मा और विधायक शुक्ला शामिल हुए। यहां निराश्रित बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर उन्हें अपनत्व और स्नेह का अनुभव कराया। इस दौरान कलेक्टर और विधायक ने बच्चों को उपहार स्वरूप शिक्षण सामग्री दी। साथ ही आश्रम की आवश्यकताओं को ध्यान रखते हुए पानी की टंकी भी उपलब्ध करवाई। वहीं यहां पर मॉड्यूलर किचन बनाने की भी घोषणा की। विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि बहनों का स्नेह हमेशा प्रेरणा और शक्ति का स्त्रोत रहा है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, अपनत्व, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। निराश्रित बच्चों के साथ पर्व मनाना उनके जीवन में खुशियां और अपनत्व का भाव लाने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। वहीं कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि बच्चों प्रशासन का उद्देश्य आश्रम में रह रहे बच्चों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप आश्रम में सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कलेक्टर, विधायक ने इन बच्चों के बीच काफी समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *