रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा:बांदा क्षेत्र में 480 बसों का हुआ संचालन, 13 हजार से अधिक ने किया सफर

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा:बांदा क्षेत्र में 480 बसों का हुआ संचालन, 13 हजार से अधिक ने किया सफर

उत्तर प्रदेश शासन ने रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से शुरू होकर 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी। महिला यात्री अपने साथ एक बच्चे को भी निःशुल्क यात्रा करा सकती हैं। बांदा क्षेत्र में महिलाओं और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज की कुल 480 बसें लगाई गई हैं। बांदा रोडवेज के एआरएम ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त बसों का संचालन किया जा रहा है। महिलाओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस प्रशासन भी रोडवेज के साथ सहयोग कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बसों की पर्याप्त उपलब्धता के कारण यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। लगातार बसों का संचालन जारी रोडवेज के आंकड़ों के अनुसार, 27 अगस्त को बांदा क्षेत्र में संचालित बसों में कुल 28,040 यात्रियों ने सफर किया। इनमें 13,857 महिलाएं शामिल थीं। महिलाओं और उनके साथ एक बच्चे की यात्रा निशुल्क रही, जबकि अन्य यात्रियों से निर्धारित किराया लिया गया। 27 अगस्त को रोडवेज को किराये के रूप में 13 लाख 8 हजार 858 रुपये प्राप्त हुए। रक्षाबंधन पर बसों में भीड़ को लेकर भी सवाल उठे हैं। कई बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की शिकायत पर एआरएम ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर बसों का संचालन नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, रास्ते में भीड़ बढ़ने पर कुछ बसों में अतिरिक्त यात्री बैठने की स्थिति बन सकती है। रोडवेज द्वारा महिलाओं की मुफ्त यात्रा के साथ-साथ अन्य यात्रियों को भी उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगातार बसों का संचालन जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *