बारिश में घुटनों तक-पानी के बीच धरने पर बैठे विधायक:बोले- 2 साल से लगा रहा हूं गुहार, ग्वालियर की सड़कों पर भरा पानी

बारिश में घुटनों तक-पानी के बीच धरने पर बैठे विधायक:बोले- 2 साल से लगा रहा हूं गुहार, ग्वालियर की सड़कों पर भरा पानी

ग्वालियर शहर में शुक्रवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी। वार्ड क्रमांक 64 के शंकरपुर में कुछ ही देर में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समस्या के विरोध में कांग्रेस के ग्रामीण विधायक साहब सिंह गुर्जर बारिश के बीच जलमग्न सड़क पर धरने पर बैठ गए। विधायक ने मौके से फेसबुक लाइव कर नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शंकरपुर में पिछले दो साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है और वह लगातार इसे अधिकारियों के सामने उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। ‘दो साल से उठा रहा हूं आवाज, फिर भी अफसर बेखबर’ फेसबुक लाइव के दौरान विधायक साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि पिछले दो वर्षों से शंकरपुर की जलभराव की समस्या को हर स्तर पर उठाया जा रहा है। इसके बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर सके। नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ‘नगर निगम होश में आओ’ के लगाए नारे विधायक के धरने में स्थानीय नागरिक भी शामिल हो गए। लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ ‘नगर निगम होश में आओ’ के नारे लगाए। जलभराव के बीच किए गए विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था होने तक वे समस्या के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *