रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा सेवा के बावजूद एटा रोडवेज बस स्टैंड पर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं बसों के इंतजार में घंटों खड़ी नजर आईं। वहीं, बसों में चढ़ने और उतरने के दौरान भी यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। त्योहार के चलते बस स्टैंड पर महिलाओं की भारी भीड़ जमा रही। अतिरिक्त बसों के इंतजाम के बाद भी लंबा इंतजार
रक्षाबंधन को देखते हुए एटा रोडवेज विभाग ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी। इसके बावजूद बसों के आने-जाने में देरी के कारण महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करती रहीं। बसों के पहुंचते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी कि गेट पर लटककर सफर करती दिखीं महिलाएं
बसों में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण कई महिलाएं गेट पर लटककर यात्रा करने को मजबूर दिखीं। बस स्टैंड और आसपास बढ़ती भीड़ को देखते हुए एटा पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ वाहनों का आवागमन सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
बोलीं ज्ञान देवी- ढाई घंटे से बस का इंतजार
बुजुर्ग महिला ज्ञान देवी ने बताया कि वह अपने भाई को राखी बांधने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले ढाई घंटे से एटा रोडवेज बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही हैं, लेकिन अभी तक बस नहीं मिली है। रीता बोलीं- सुबह से भूखे-प्यासे बैठे हैं
भाई को राखी बांधने जा रही रीता ने बताया कि उन्हें तीन-चार घंटे से बस नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि यात्रा निःशुल्क है, लेकिन बसें उपलब्ध नहीं होने से परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि वह सुबह से भूखे-प्यासे बस स्टैंड पर बैठी हैं और बस मिलने का इंतजार कर रही हैं।

