‘ऐसी व्यवस्था होगी कि 30 इंच बारिश में भी घरों में नहीं घुसेगा पानी’, अहमदाबाद में जलभराव पर अमित शाह का वादा

‘ऐसी व्यवस्था होगी कि 30 इंच बारिश में भी घरों में नहीं घुसेगा पानी’, अहमदाबाद में जलभराव पर अमित शाह का वादा

Amit Shah in Ahmedabad: अहमदाबाद में जुलाई के आखिरी सप्ताह में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्थानीय लोगों को बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि अगली बार जब वह लोगों से वोट मांगने आएंगे, उससे पहले ऐसी व्यवस्था कर दी जाएगी कि 30 इंच तक बारिश होने पर भी पानी घरों में नहीं घुसेगा।

अमित शाह ने यह बात गुरुवार को अहमदाबाद के बोपाल, अंबली, घुमा और सरखेज इलाकों में आयोजित लोक दरबार में लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही। ये इलाके उनके गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। जुलाई में भारी बारिश के कारण यहां बड़े पैमाने पर जलभराव हुआ था। इन क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए दमकल विभाग, एनडीआरएफ और पुलिस की कई टीमें तैनात करनी पड़ी थीं।

अमित शाह ने स्वीकारा- प्रशासन की व्यवस्थाएं कम पड़ गईं

अमित शाह ने कहा कि इस साल 21-22 इंच बारिश हुई, जो पिछले 50 वर्षों में नहीं हुई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाएं इतनी बारिश के सामने कम पड़ गईं। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि 21 इंच से अधिक बारिश हो सकती है, इसलिए भविष्य में 30 इंच बारिश को ध्यान में रखकर व्यवस्था तैयार की जाएगी।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने समस्याएं गिनाईं

लोक दरबार में कुछ स्थानीय प्रतिनिधियों ने जलभराव के साथ-साथ ड्रेनेज व्यवस्था और पानी की समस्या भी उठाई। एक सोसायटी प्रतिनिधि ने कहा कि इलाके में ड्रेनेज पाइपलाइन की कमी और तेजी से हुए विकास के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पाया। उन्होंने पाइपलाइन नेटवर्क और पंपिंग स्टेशनों की योजना में सोसायटियों के अध्यक्षों और सचिवों को शामिल करने का सुझाव दिया।

घुमा के एक प्रतिनिधि ने नर्मदा के पानी की कमी और ड्रेनेज लाइनों के जाम होने की समस्या भी बताई। इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि जलभराव खत्म होने के अगले ही दिन से समाधान की योजना पर काम शुरू कर दिया गया था और इसे पूरा कराने की जिम्मेदारी वह खुद लेंगे।

अमित शाह ने कहा कि हाल ही में अहमदाबाद नगर निगम में शामिल किए गए इलाकों में अगले छह महीनों में नर्मदा का पानी पहुंच जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भविष्य में बारिश से होने वाले जलभराव से निपटने के लिए व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम में एएमसी की डिप्टी मेयर अंजू शाह, नगर आयुक्त बंचा निधि पाणि और पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *