जौनपुर जिला कारागार में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से आईं बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। कारागार के बाहर सुबह से ही बहनों की लंबी कतारें देखी गईं। बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए राखी और मिठाइयां लेकर जेल पहुंचीं। मुलाकात के दौरान उन्होंने भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और राखी बांधी। इस दौरान कई बहनें भावुक नजर आईं, वहीं भाइयों ने भी जीवन भर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। जेल अधीक्षक पवन द्विवेदी ने बताया कि जेल मंत्री के निर्देश पर कारागार में विशेष व्यवस्था की गई थी। बहनों की सुविधा के लिए बैठने हेतु पंडाल और कुर्सियां लगाई गईं। यह कार्यक्रम तीन शिफ्टों में आयोजित किया गया ताकि सभी बहनें अपने भाइयों से मिल सकें। जिन बहनों के पास मिठाई नहीं थी, उनके लिए जेल प्रशासन ने स्वयं मिठाई उपलब्ध कराई।

