अंबाला में सस्ती दर पर कनाडाई डॉलर (CAD) दिलाने का झांसा देकर एक वकील से 6 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जांच के बाद थाना बलदेव नगर पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सस्ते रेट पर कनाडाई डॉलर दिलाने का दिया झांसा अंबाला शहर के सेक्टर-1 निवासी और पेशे से अधिवक्ता हरभजन सिंह सेखों ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि गुरुग्राम के सोहना रोड (सेक्टर-49) स्थित टेक पार्क के तीसरे फ्लोर पर कार्यालय चलाने वाले धीरज त्यागी ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने बाजार दर (66 रुपये प्रति CAD) के मुकाबले सस्ती दर (63 रुपये प्रति CAD) पर 10,000 कनाडाई डॉलर दिलाने का झांसा दिया। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने जनवरी 2026 में आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से 6.30 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। विदेश रवानगी की तारीख बीतने के बाद भी नहीं दिए पैसे समझौते के मुताबिक आरोपी को 6/7 फरवरी 2026 की रात पीड़ित के विदेश रवाना होने से पहले यह रकम अंबाला या दिल्ली एयरपोर्ट पर कनाडाई डॉलर में देनी थी। लेकिन आरोपी ने न तो कनाडाई डॉलर दिए और न ही भारतीय मुद्रा वापस की। पीड़ित के अनुसार, पिछले 5 महीनों से आरोपी व्हाट्सएप पर लगातार रकम लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा और समय मांगता रहा। बिना लाइसेंस फॉरेन एक्सचेंज कारोबार का भी आरोप पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी आशंका जताई है कि आरोपी बिना भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के लाइसेंस के अवैध रूप से फॉरेन करेंसी एक्सचेंज का कारोबार चला रहा है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की सूचना प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी भेजने की मांग की है, ताकि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत कार्रवाई की जा सके। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद FIR दर्ज हरभजन सिंह की ओर से दी गई व्हाट्सएप चैट, बैंक स्टेटमेंट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आर्थिक अपराध शाखा अम्बाला ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर 28 अगस्त 2026 को थाना बलदेव नगर में आरोपी धीरज त्यागी के खिलाफ मुकदमा संख्या 291 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है।

