नेपाल की बाढ़ में आणंद का एनआरआइ दंपती लापता, परिजन चिंतित

नेपाल की बाढ़ में आणंद का एनआरआइ दंपती लापता, परिजन चिंतित

सकुशल और सुरक्षित वापस लौटने के लिए भगवान से कर रहे हैं प्रार्थना, तलाश के लिए विधायक, सांसद और कलक्टर के समक्ष लगाई मदद की गुहार

बुरहान पठाण

आणंद. नेपाल की बाढ़ में गुजरात के आणंद शहर का एक एनआरआइ दंपती भी लापता है। परिजन दोनों के सकुशल और सुरक्षित वापस लौटने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने विधायक, सांसद और जिला कलक्टर के समक्ष गुहार लगाकर उनकी तलाश के लिए मदद मांगी है।
मूल रूप से आणंद शहर के निवासी और पिछले 11 वर्षों से अमरीका में रह रहे बिमल पटेल (46), पत्नी जैमिनीबेन और 12 साल के पुत्र के साथ कुछ दिन पहले भारत आए हैं। दंपती अपने पुत्र को आणंद में रिश्तेदार धर्मेंद्र पटेल के घर छोड़कर 16 अगस्त को राजकोट के एक एजेंट के माध्यम से नेपाल यात्रा पर गए। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच दोनों से संपर्क टूट गया है। आणंद में रहने वाले परिजन और रिश्तेदार चिंतित हैं।

बहनों को मिलने का अवसर भी नहीं मिल सका : निमिषा

बिमल की बड़ी बहन निमिषा पटेल ने बताया कि भाई और उनका परिवार पिछले वर्ष मां के निधन के समय भारत आए थे। इस वर्ष उनके भारत आने का कोई निश्चित कार्यक्रम नहीं था। शुरुआत में वे इस साल भारत आने से मना कर रहे थे, लेकिन अचानक भारत पहुंचकर उन्होंने परिवार को आश्चर्यचकित किया। निमिषा के अनुसार, उनके नेपाल व कैलास मानसरोवर यात्रा पर निकल जाने के कारण बहनों को उनसे मिलने का अवसर भी नहीं मिल सका।

परिजनों की आंखों से बह रहे आंसू

परिजनों की आंखों से लगातार आंसू बह रहे हैं। सभी लोग दंपती के बारे में किसी अच्छी खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

वीडियो कॉल से कराए पशुपतिनाथ के दर्शन

11 वर्षों से पत्नी और पुत्र के साथ अमरीका में रह रहे थे और उनके पास अमरीकी नागरिकता भी है। परिजनों ने बताया कि बिमल ने आखिरी बार गत रविवार को नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान अपने भाई और बहनों से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन भी कराए थे। फिर वे कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हो गए। बुधवार सुबह दंपती ने बताया था कि वे चीन सीमा के नजदीक स्थित इमिग्रेशन कार्यालय में यात्रा से जुड़ी आवश्यक इमिग्रेशन प्रक्रिया के लिए खड़े हैं। उसके बाद से संपर्क नहीं है। इसकी जानकारी राजकोट के एजेंट ने बिमल के बड़े भाई धर्मेंद्र को दी। उसके बाद से परिजन चिंतित हैं।

टूर ऑपरेटर से ली जा रही जानकारी : कलक्टर

आणंद कलक्टर प्रवीण चौधरी ने कहा कि बुधवार को नेपाल में तबाही के बारे नेपाल प्रशासन और टूर ऑपरेटर से पता लगा कि आणंद के वल्लभ विद्यानगर निवासी दो लोग लापता हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कलक्टर कार्यालय की ओर से जारी नंबर पर नेपाल में लापता लोगों के बारे में जानकारी दें, जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *