‘मुझे उठना है, ठीक होना है’ अमाल मलिक ने फिल्मों से लिया ब्रेक, बताया कारण, बोले- मुझे विदा करो

‘मुझे उठना है, ठीक होना है’ अमाल मलिक ने फिल्मों से लिया ब्रेक, बताया कारण, बोले- मुझे विदा करो

Amaal Mallik Announces Break: बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार और गायक अमाल मलिक को लेकर बड़ी खबर आ रही है। अमाल ने एक पोस्ट से अपने चाहने वालों को बड़ा झटका दे दिया है। इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘आवारापन 2’ के हालिया रिलीज हुए गाने ‘ये आवारापन’ की सफलता के बीच, अमाल ने अचानक फिल्म संगीत से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान किया है। उन्होंने इसके पीछे का कारण भी बताया और साथ अपने फैंस से अपील की है कि उन्हें परेशान न किया जाए।

अमाल मलिक ने लिया फिल्मों से ब्रेक

गुरुवार को अमाल मलिक ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर एक लंबा और भावुक मैसेज शेयर किया। अमाल ने स्पष्ट किया कि वह अगले साल (2027) तक किसी भी नई फिल्म के लिए संगीत तैयार नहीं करेंगे। अपने पोस्ट में बिग बॉस 19 के पूर्व प्रतियोगी अमाल मलिक ने लिखा कि यह फैसला उन्होंने अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए लिया है।

अमाल ने अपने #Amalians (प्रशंसकों) को संबोधित करते हुए लिखा, “मैं बिल्कुल ठीक हूं और इस बार मैं पूरी तरह से वही करूंगा जो मेरे लिए सबसे अच्छा है, और सिर्फ वही काम करूंगा जो मेरे दिल और मेरी सेहत के लिए जरूरी है। मुझे अपने मन, शरीर, आत्मा और पूरी तरह से शारीरिक रूप से ठीक होने के लिए एक ब्रेक की जरूरत है।”

अमाल मलिक ने फैंस से की गुजारिश

अमाल मलिक ने आगे लिखा, “मुझे उठना है, ठीक होना है और जल्द ही वापसी करनी है। आप सभी प्यारे #Amaalians के लिए ढेर सारे सुरों और संगीत के साथ। PS – अगले साल तक कोई फिल्मी संगीत नहीं। पुरानी रिलीज न हुई फिल्मों के गाने जल्द ही आ सकते हैं, अगर वे फिल्में रिलीज होती हैं तो, क्योंकि वह कम बजट की फिल्में हैं और अच्छी नीयत से बनी हैं, लेकिन ऐसे लोगों को आसानी से स्क्रीन नहीं मिलतीं, इसलिए उन प्रोजेक्ट्स का भविष्य पता नहीं।”

अमाल मलिक ने आगे अपने फैंस से अपील करते हुए लिखा, “आपसे गुज़ारिश है कि मुझे और परेशान न करें। जैसे ही मुझे कुछ पता चलेगा, मैं अपडेट कर दूंगा। संगीत से सिनेमा तक का सफर मुझे बहुत दूर ले आया है, अब मैं संगीत की ओर वापस चलने लगा हूं… अब मुझे विदा दें, मैं वापस आऊंगा। अभी के लिए विदा लेता हूं”

फैंस का मिला जबरदस्त समर्थन, मैसेज पढ़कर भावुक हुए लोग

अमाल के इस अचानक ब्रेक लेने के फैसले से भले ही उनके प्रशंसक निराश हैं, लेकिन वह उनके फैसले का पूरा समर्थन कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “अपनी सेहत का ख्याल रखो भाई, यह सबसे ज्यादा जरूरी है। आराम करो और नकारात्मक बातों को नजरअंदाज कर खुद पर ध्यान दो। हम तुम्हारा इंतजार करेंगे।” 

वहीं एक अन्य ने लिखा, “तुम्हारी मन की शांति और सेहत सबसे पहले आती है। आराम करने के लिए जितना समय चाहिए ले लो, शेर! हम हर सुख-दुख में तुम्हारे साथ खड़े हैं।” वहीं कुछ हैं जो अमाल के लिए परेशान हो रहे हैं और उनसे उनकी हेल्थ को लेकर सवाल-जवाब कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *