खरगोन में 7 लाख की MD ड्रग्स जब्त:लिस्टेड गुंडा समेत 3 गिरफ्तार, नीमच से महाराष्ट्र ले जा रहे थे

खरगोन में 7 लाख की MD ड्रग्स जब्त:लिस्टेड गुंडा समेत 3 गिरफ्तार, नीमच से महाराष्ट्र ले जा रहे थे

खरगोन पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए 70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीमच से ड्रग्स लेकर खरगोन होते हुए महाराष्ट्र जा रहे थे। एसपी रवींद्र वर्मा ने गुरुवार शाम 5 बजे कार्रवाई का खुलासा किया। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन लोग कार से एमडी ड्रग्स लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। थाना प्रभारी बनवारीलाल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जामली में खाटू श्याम मंदिर के पास भुसावल-चित्तौड़गढ़ बायपास पर नाकाबंदी की। कार के डैशबोर्ड में पन्नियों में भरी थी ड्रग
कुछ देर बाद पुलिस ने सफेद फ्रोंक्स कार नंबर MP09BQ0412 को रोका। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पारदर्शी पॉलीथिन में सफेद पदार्थ मिला। जांच में एक पन्नी में 53 ग्राम और दूसरी में 17 ग्राम एमडी ड्रग्स मिला। कुल वजन 70 ग्राम था। पुलिस ने कार से इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनवीर, शाहनवाज उर्फ शानू और आसिफ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ड्रग्स नीमच से खरीदा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी तनवीर अमननगर, कोतवाली थाने का सूचीबद्ध गुंडा है। वह पहले जिला बदर भी रह चुका है। उसके खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। शाहनवाज उर्फ शानू के खिलाफ कोतवाली और बिस्टान थानों में आर्म्स एक्ट सहित 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 394/26 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य सप्लायरों के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम नीमच भी रवाना की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *