बारिश में भीगते हुए छात्राओं ने भरी हुंकार:राजगढ़ में कॉलेजों की सुविधाओं को लेकर छात्रों का हुंकार, सुविधाएं सुधारने की मांग

बारिश में भीगते हुए छात्राओं ने भरी हुंकार:राजगढ़ में कॉलेजों की सुविधाओं को लेकर छात्रों का हुंकार, सुविधाएं सुधारने की मांग

राजगढ़ शासकीय कॉलेजों में सुविधाओं की कमी को लेकर गुरुवार को विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मार्च निकाला। वे कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बारिश शुरू होने के बाद भी विद्यार्थी कलेक्ट्रेट के बाहर डटे रहे। कई छात्राएं बारिश में भीगते हुए नारेबाजी करती नजर आईं। प्रदर्शन के बाद उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें शासकीय कॉलेजों की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की गई। अभाविप ने कहा कि जिले सहित प्रदेश के कई शासकीय कॉलेजों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय, फर्नीचर और बिजली जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी है। संगठन ने बेहतर पढ़ाई के माहौल के लिए इन व्यवस्थाओं को जल्द ठीक करने की मांग की। इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा की मांग
ज्ञापन में कंप्यूटर और विज्ञान प्रयोगशालाओं में पर्याप्त उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके साथ ही पुस्तकालयों में जरूरी किताबें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही गई। छात्राओं के लिए इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं बेहतर करने की मांग भी रखी गई। मध्यभारत प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कॉलेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई कॉलेजों की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त है या पूरी तरह बनी ही नहीं है। इससे कॉलेज परिसरों की सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने भोपाल के एमवीएम कॉलेज में अभाविप के स्वच्छता अभियान के दौरान शराब की बोतलें मिलने का उदाहरण भी दिया। चतुर्वेदी ने कहा कि कई कॉलेजों में विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल सक्रिय नहीं हैं। कई जगह कैंटीन बंद हैं और पुस्तकालयों में पर्याप्त सामग्री नहीं है। विद्यार्थी सहायता केंद्र भी प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। इससे छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ता है। सभी शासकीय कॉलेजों का सर्वे कराने की मांग अभाविप ने सरकार से प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों का सर्वे कराने की मांग की है। संगठन ने कहा कि सर्वे में सामने आने वाली कमियों के आधार पर समयबद्ध तरीके से सुधार कराया जाए। जिन कामों के लिए बजट की जरूरत है, उनके लिए अलग कार्ययोजना बनाकर राशि उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। जिला संयोजक शुभम शर्मा ने कहा कि राजगढ़ के कॉलेजों की समस्याओं को लेकर अभियान शुरू किया गया है। मांगें पूरी होने तक अभाविप आंदोलन जारी रखेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *