कानपुर देहात के संदलपुर ब्लॉक के भटेलिनपुरवा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सुरासी गांव के विद्यालय में विलय के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मर्जर के बाद छात्र-छात्राओं को रोजाना व्यस्त राजमार्ग पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए विद्यालय के मर्जर के निर्णय की समीक्षा कराने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालयों के मर्जर को लेकर शासन की गाइडलाइन में बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश हैं। इसके बावजूद भटेलिनपुरवा के जूनियर विद्यालय का विलय सुरासी के विद्यालय में कर दिया गया। अब छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने के लिए तेज रफ्तार वाहनों से भरे राजमार्ग को पार करना पड़ता है। सड़क पार करते समय रहता है हादसे का डर छात्र-छात्राओं का कहना है कि राजमार्ग पार करते समय उन्हें हमेशा हादसे का डर बना रहता है। एक छात्रा ने बताया कि सड़क पार करते समय वह गिर गई थी, जिससे उसे चोट भी आई थी। अभिभावकों का कहना है कि रोजाना बच्चों को इस तरह व्यस्त सड़क पार कराना उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि विद्यालय के मर्जर के कारण बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, तो संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर निर्णय की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय को पूर्व की तरह संचालित करने अथवा बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था कराने की मांग की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यदि इस संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

