चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के धरहरा गांव में एक विवाहिता और उसके परिजनों से मारपीट के मामले में ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवाहिता खुशी भारती की शिकायत पर सास, ससुर, भसुर, ननद और पति पर दहेज उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। दरियापुर गांव की खुशी भारती का विवाह धरहरा गांव के नीतीश कुमार से अगस्त 2023 में हुआ था। खुशी का आरोप है कि शादी के तीन साल बाद उसकी सास ने एक लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग की। जब खुशी ने इसका विरोध किया और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला दिया, तो पति नीतीश से उसका विवाद हो गया। इसके बाद ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और उसे दरियापुर नहर पर छोड़कर चले गए। इस घटना के बाद खुशी अपने मायके दरियापुर में रह रही थी। खुशी के अनुसार, बीते रविवार को उसके पति नीतीश कुमार राव ने हाईस्कूल की मार्कशीट लेने के बहाने उसे धरहरा बुलाया था। खुशी अपने भाई आर्यन राज और बहन खुशबू भारती के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि वहां सास मंजू देवी, ससुर अशोक कुमार राव, भसुर सोनू कुमार राव, ननद सोनी कुमारी और पति नीतीश कुमार राव ने तीनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुशी भारती की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सकलडीहा कोतवाली के थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जा सकती है।

