निकाय चुनाव में 50% टिकट युवाओं को देगी कांग्रेस:पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने दावेदारों से किया संवाद

निकाय चुनाव में 50% टिकट युवाओं को देगी कांग्रेस:पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने दावेदारों से किया संवाद

हनुमानगढ़ में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जंक्शन स्थित अरिहंत भवन में चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने विभिन्न वार्डों से टिकट के दावेदारों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद किया। उन्होंने दावेदारों से उनकी दावेदारी के साथ-साथ वार्डों में संगठन की स्थिति और चुनावी माहौल का फीडबैक लिया। सुबह से शाम तक चले कार्यक्रम में अलग-अलग वार्डों से आए दावेदारों ने पर्यवेक्षक से व्यक्तिगत मुलाकात की। इस दौरान अरिहंत भवन में कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों की आवाजाही बनी रही। फीडबैक के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट दावेदारों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद दिनेश सूड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी राजस्थान के सभी निकायों में प्रचंड बहुमत के साथ बोर्ड बनाने की दिशा में काम कर रही है। सूड़ा ने कहा कि हनुमानगढ़ में कार्यकर्ताओं का उत्साह और सक्रियता पार्टी की चुनावी तैयारियों को स्पष्ट रूप से दिखाती है। पूरे दिन मिले फीडबैक के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर बुधवार शाम तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। युवाओं को 50% से ज्यादा टिकट देने पर जोर युवा चेहरों पर कांग्रेस का फोकस इस बार पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। सूड़ा ने कहा कि संगठन और चुनावी प्रक्रिया में युवाओं को अधिक अवसर देने पर विशेष जोर है। पार्टी 50 प्रतिशत से अधिक टिकट युवा पीढ़ी को देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी चुनाव लड़ने का अवसर दिया गया है। यानी टिकट के लिए दावेदारी का दायरा केवल प्रभावशाली चेहरों तक सीमित नहीं रखने का प्रयास किया जा रहा है। महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सूड़ा ने कहा कि महंगाई और बढ़ती कीमतों से आमजन परेशान है। उन्होंने चीनी और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों का हवाला देते हुए कहा कि महंगाई का असर लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। सूड़ा ने दावा किया कि सरकार की नीतियों से परेशान लोग अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। गुरुवार की बैठक के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद सूड़ा के अनुसार, बुधवार को मिले फीडबैक की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। इसके बाद गुरुवार को PCC अध्यक्ष के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक के बाद टिकट के दावेदारों की अंतिम सूची जारी होने की संभावना है। संगठन के प्रति समर्पण को मिलेगी प्राथमिकता पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि टिकट का आधार केवल दावेदारी नहीं होना चाहिए। उन्होंने संगठन के प्रति समर्पण, क्षेत्र में सक्रियता और जनता के बीच मजबूत पकड़ को महत्वपूर्ण मानदंड बताया। ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने कहा कि कांग्रेस संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार मौजूद रहे। इस अवसर पर चयनकर्ता सुनील गोदारा, मनसुख, कन्हैया लाल एवं मोहन सिंह भी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *