उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती-2022 के संस्कृत विषय का संशोधित चयन परिणाम जारी कर दिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में यह परिणाम घोषित किया गया है। इस संशोधित सूची में संस्कृत विषय के कुल 291 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 264 पुरुष और 27 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 01/2022 के तहत कुल 3539 पदों के लिए शुरू की गई थी। आयोग ने बताया कि अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संस्कृत विषय के परिणाम में संशोधन किया गया है। निर्धारित और पुनर्निर्धारित तिथियों पर अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों का चयन निरस्त कर दिया गया था। संस्कृत विषय का यह संशोधित परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर याचिका संख्या 12062/2026 में 14 अगस्त 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में जारी किया गया है। आयोग ने इस मामले में विषय से संबंधित तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति से भी राय ली थी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली, 1998 के नियम 12(8) के तहत संशोधित चयन परिणाम घोषित किया गया है। अभ्यर्थी संशोधित चयन परिणाम और कटऑफ आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।

