जबलपुर जिले के भड़पुरा घाट में बुधवार को नर्मदा नदी में स्नान करने के दौरान महाराष्ट्र से आए पिता-पुत्र गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश पाटिल और उनका 10 वर्षीय बेटा लकी पाटिल भड़पुरा आश्रम दर्शन के लिए आए थे। दोनों नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। हादसा होते ही घाट पर मौजूद लोगों ने पिता-पुत्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम द्वारा नर्मदा नदी में पिता-पुत्र की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। नदी के तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। (खबर लगातार अपडेट हो रही है।)

