तीन किमी की यात्रा, सिर पर घास-जुबां पर जयकारे:गौशाला पहुंचकर गायों को हरा चारा खिलाकर की पूजा; अब पंचायतों में भी होगी गौ सेवा यात्रा

तीन किमी की यात्रा, सिर पर घास-जुबां पर जयकारे:गौशाला पहुंचकर गायों को हरा चारा खिलाकर की पूजा; अब पंचायतों में भी होगी गौ सेवा यात्रा

अशोकनगर के बमनाई हवेली गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने गौशालाओं के सहयोग और गायों की सेवा के उद्देश्य से गौ सेवा यात्रा निकाली। महिला, पुरुष और बच्चे अपने सिर पर हरी घास रखकर करीब तीन किलोमीटर पैदल चले। कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में हरी घास और भूसा लेकर भी पहुंचे। विदिशा रोड स्थित बमनाई हवेली गांव से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीण अपने खेतों से हरी घास काटकर सिर पर रखकर भादौन स्थित गौशाला पहुंचे। इस दौरान ग्रामीण ‘गोविंद गोपाल’ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। गौशाला पहुंचने के बाद उन्होंने गायों को हरा चारा खिलाया। इसके बाद गौ माता का पूजन कर आरती की गई। एक दिन पहले बनी थी यात्रा की योजना अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष केपी यादव सेमरा ने बताया कि गौ सेवा यात्रा निकालने की योजना एक दिन पहले ही बनाई गई थी। ग्रामीणों से चर्चा के बाद सभी ने पहल में सहयोग करने की सहमति दी। लोगों ने अपने खेतों से हरी घास लाकर गौशाला में उपलब्ध कराई। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने भूसे की भी व्यवस्था की, जिसे गौशाला में सुरक्षित रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने जन्मदिन, पितृपक्ष और अन्य पारिवारिक व सामाजिक अवसरों पर गौशाला पहुंचकर गायों के लिए चारा और भूसा उपलब्ध कराएं। लोगों से समय-समय पर गौशालाओं में सहयोग करने की अपील भी की गई, ताकि उनका संचालन सुचारु रूप से हो सके। अन्य पंचायतों में भी होगी गौ सेवा यात्रा केपी यादव ने बताया कि यह अभियान केवल बमनाई हवेली गांव तक सीमित नहीं रहेगा। जनपद क्षेत्र की उन सभी ग्राम पंचायतों में इसी तरह गौ सेवा यात्राएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां गौशालाएं संचालित हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला की जिम्मेदारी केवल संचालक या सरपंच की नहीं है। आसपास के गांवों के लोगों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए, ताकि गौशालाओं में गायों के लिए चारे और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की कमी न रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मोहन सिंह, प्रताप सिंह यादव, गांव के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *