हरदोई में मिलावटी रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा:1.25 क्विंटल मिलावटी रसगुल्ले और खराब छेना नष्ट; अवैध इकाइयां सील

हरदोई में मिलावटी रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा:1.25 क्विंटल मिलावटी रसगुल्ले और खराब छेना नष्ट; अवैध इकाइयां सील

हरदोई में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित हो रही खाद्य इकाइयों को बंद कराने की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश ने मंगलवार देर शाम बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभाग की टीम ने विकास नगर में आरा मशीन के पास संचालित एक अवैध रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां कारोबारी उदय भान बिना वैध लाइसेंस के कथित तौर पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रसगुल्ले तैयार कर रहा था। 1.25 क्विंटल रसगुल्ले और एक क्विंटल छेना नष्ट जांच के दौरान टीम को बिक्री के लिए रखे 1.25 क्विंटल रसगुल्ले और करीब एक क्विंटल खराब छेना मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने दोनों को जब्त कर मौके पर नष्ट करा दिया। इसके अलावा रसगुल्ले तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही सूजी, डालडा, रिफाइंड तेल और मिल्क पाउडर भी जब्त किया गया। टीम ने रसगुल्ले के दो और छेना का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। बिना वैध लाइसेंस के संचालन और खाद्य पदार्थों की स्थिति को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। खोया इकाई में मिला खराब दूध विभाग की दूसरी कार्रवाई सिरौली कासिमपुर, संडीला स्थित खोया निर्माण इकाई में हुई। यहां कारोबारी राजेश कुमार पुत्र दयाराम के परिसर से करीब 100 किलोग्राम खराब दूध बरामद हुआ, जिसे टीम ने मौके पर नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने यहां से खोया के दो और दूध का एक नमूना, कुल तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। जांच में इकाई बिना वैध लाइसेंस के संचालित मिली। इस पर कारोबारी को लाइसेंस प्राप्त होने तक कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *