यमुनानगर शहर के योगेश नगर से 39 वर्षीय महिला के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला रविवार की सुबह करीब 4 बजे घर से निकली। जाने से पहले उसने मोबाइल में अपनी रिकॉर्डिंग भी की, जिसमें खुद को परेशान बताते हुए अपनी मर्जी से घर से जाने की बात कही। महिला अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई। सुबह भाई ने देखा तो वह घर पर नहीं मिला और आसपास तलाश करने पर भी उसका कुछ पता न चला, जिसके बाद पुलिस को उसके लापता होने की शिकायत सौंपी। यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सुबह 4 बजे घर से निकली थी दो बच्चों की मां पुलिस को दी शिकायत में योगेश नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह यहां करीब 10 साल से किराए पर रह रहा है। उसकी 39 वर्षीय छोटी बहन की करीब 12 साल शादी हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार बहन पिछले करीब 8 साल से उसके साथ ही रह रही थी। उसके दो बच्चे भी हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन मानसिक रूप से परेशान थी। शनिवार-रविवार की रात को सभी सोए हुए थे, जिसके बाद सुबह करीब चार बजे वह उठा तो देखा कि उसकी बहन घर पर नहीं थी। घर में उसका मोबाइल रखा हुआ था, जिसे जांचा तो उसमें एक रिकॉर्डिंग थी, जिसमें उसने कहा कि वह परेशान है और अपनी मर्जी से घर से जा रही है। पुलिस महिला की कर रही तलाश इसके बाद उसने आस पास के क्षेत्र और रिश्तेदारी में बहन की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसक बहन ने घर से निकलने समय हरे रंग की सलवार-कमीज पहन रखी थी। शिकायत मिलने के बाद रामपुरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस महिला की तलाश के साथ उसके घर से निकलने के कारणों और रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है।

